Lucknow में पल्स पोलियो अभियान शुरू, 2,783 बूथों पर बच्चों को पिलाई गई दवा
Lucknow: राजधानी लखनऊ में रविवार से सघन पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान का मकसद 0 से 5 साल तक के बच्चों को पोलियो से बचाना है। वीरांगना अवंतीबाई जिला महिला चिकित्सालय में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधाय
Lucknow: राजधानी लखनऊ में रविवार से सघन पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान का मकसद 0 से 5 साल तक के बच्चों को पोलियो से बचाना है। वीरांगना अवंतीबाई जिला महिला चिकित्सालय में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बच्चों को दवा की दो बूंदें पिलाकर इस मुहिम का आगाज किया।
लखनऊ में इस अभियान के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर में कुल 2,783 बूथ बनाए गए जहां बच्चों को दवा पिलाई गई और इस काम के लिए 6,850 वैक्सीनेटर की तैनाती की गई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य में करीब 3.30 करोड़ बच्चों को कवर करने का लक्ष्य रखा है। अभियान के पहले दिन पूरे प्रदेश के लगभग 1.10 लाख बूथों पर टीकाकरण कार्य हुआ।
अब यह अभियान घर-घर तक पहुंचेगा। सोमवार से 70 हजार टीमें और 35 हजार पर्यवेक्षक घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगे जो बूथ तक नहीं पहुंच सके। इसके अलावा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ईंट भट्ठों और दूरदराज के इलाकों के लिए 6,500 ट्रांजिट टीमें और 1,700 मोबाइल टीमें लगाई गई हैं। नेपाल सीमा पर भी 30 विशेष टीकाकरण पोस्ट बनाए गए हैं।
परिवार कल्याण महानिदेशक डॉ. एच.डी. अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश पिछले 16 सालों से पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में इसके मामले मिलने की वजह से यह सतर्कता जरूरी है। राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता के मुताबिक, वायरस के प्रवेश को रोकने के लिए व्यापक रणनीति बनाई गई है। विशेषज्ञों ने यह भी साफ किया है कि अगर बच्चे को पहले सभी टीके लगे हों, तब भी पल्स पोलियो की दो बूंदें पिलाना जरूरी है। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र बच्चा इस खुराक से वंचित न रहे।