Lucknow में अखिलेश यादव के खिलाफ प्रदर्शन, हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने के बयान पर भड़का सनातन रक्षा संगठन

Lucknow: राजधानी लखनऊ में बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के अयोध्या की हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने और राम म

Lucknow: राजधानी लखनऊ में बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के अयोध्या की हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने और राम मंदिर चंदा चोरी से जुड़े बयानों पर नाराजगी जताई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुरोध राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतरे और सपा कार्यालय की ओर मार्च निकाला।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में भगवा ध्वज और तख्तियां ले रखी थीं। उन्होंने अखिलेश यादव के बयानों को सनातन आस्था और करोड़ों राम भक्तों का अपमान बताया। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से प्रदर्शनकारियों को राजभवन चौराहे पर ही रोक दिया, जिसके बाद वहां जमकर नारेबाजी हुई।

मार्च के अंत में संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में मांग की गई है कि अखिलेश यादव के बयानों पर उचित कार्रवाई की जाए। संगठन ने यह चेतावनी भी दी है कि अगर भविष्य में भी इस तरह की टिप्पणियां की गईं, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 जुलाई 2026 को दावा किया था कि सपा सरकार के समय हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाई गई थी। इसके बाद अखिलेश यादव ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। वहीं, हाल ही में अखिलेश यादव ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात की थी और सोशल मीडिया पर ‘सनातन ही समाजवाद है’ पोस्ट किया था, जिस पर काफी राजनीतिक बहस छिड़ी हुई है।