Lucknow में प्रॉपर्टी डीलरों ने किया बड़ा फर्जीवाड़ा, करीब 9 करोड़ की जमीन बेची; FIR दर्ज
Lucknow: राजधानी के गोमती नगर इलाके की एक महिला के साथ जमीन की खरीद-बिक्री में बड़ी धोखाधड़ी हुई है। तीन प्रॉपर्टी डीलरों ने मिलकर करीब 8 करोड़ 73 लाख रुपये की जमीन फर्जी तरीके से बेच दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मा
Lucknow: राजधानी के गोमती नगर इलाके की एक महिला के साथ जमीन की खरीद-बिक्री में बड़ी धोखाधड़ी हुई है। तीन प्रॉपर्टी डीलरों ने मिलकर करीब 8 करोड़ 73 लाख रुपये की जमीन फर्जी तरीके से बेच दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला वजीरगंज कोतवाली का है, जहां गोमती नगर के झलियान पुरवा की रहने वाली नजमी ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के मुताबिक, यह पूरा खेल 2018 से शुरू हुआ था। सबसे पहले 30 जनवरी 2018 को विष्णु तिवारी के नाम पर करीब 20,412 स्क्वायर फीट जमीन की रजिस्ट्री हुई थी। इसके बाद 2020 में भी कुछ रजिस्ट्री की गईं।
आरोप है कि डीलरों ने चालाकी दिखाते हुए चंदियामऊ स्थित जमीन के साथ हेराफेरी की। मूल रूप से 30,715 स्क्वायर फीट जमीन थी, लेकिन आरोपियों ने फर्जी तरीके से कुल 55,794 स्क्वायर फीट के प्लॉट बेच दिए। इतना ही नहीं, नजमी की 34,920 स्क्वायर फीट जमीन को भी धोखे से बेच दिया गया।
इस धोखाधड़ी में धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, विष्णु तिवारी और लैंड स्टार इन्फ्रावेंचर से जुड़े सनी सोनी का नाम सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने इस फर्जीवाड़े के बारे में आरोपियों से सवाल किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित के निर्देश पर वजीरगंज पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। वजीरगंज इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।