Lucknow में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, शूटरों का इंतजाम करने वाला गंगाराम STF की गिरफ्त में

Lucknow: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए संदीप सिंह हत्याकांड में एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश गंगाराम यादव को गिरफ्तार किया है। गंगाराम पर हत्या के लिए

Lucknow: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में हुए संदीप सिंह हत्याकांड में एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश गंगाराम यादव को गिरफ्तार किया है। गंगाराम पर हत्या के लिए शूटरों की व्यवस्था करने का गंभीर आरोप है।

एसटीएफ ने गंगाराम यादव को देर रात लखनऊ के आलमबाग बस स्टेशन के पास से दबोचा। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने मास्टरमाइंड दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर दो शूटर उपलब्ध कराए थे। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पीजीआई पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

यह पूरा मामला 27 मई 2026 का है, जब प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पीजीआई थाने में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी दिनेश यादव और संदीप सिंह के बीच जमीन विवाद और कोर्ट-कचहरी के मामले चल रहे थे, जिसकी वजह से रंजिश थी। आरोप है कि दिनेश यादव ने संदीप की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी।

एसटीएफ इस केस में मुख्य साजिशकर्ता दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दिनेश यादव खुद को सपा नेता बताता था और उसके खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और धमकी जैसे नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दिनेश की मर्सिडीज समेत चार लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं। फिलहाल इस हत्याकांड में शामिल दो शूटर अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।