Lucknow में बिजली कटौती पर बवाल, डंडे लेकर पावर हाउस पहुंचे लोग; कर्मचारियों को पीटा
Lucknow: राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों का पारा बढ़ा दिया है। न्यू आलमबाग उपकेंद्र पर बिजली गुल होने से नाराज स्थानीय लोग रात के समय डंडे लेकर पावर हाउस पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। गुस्साए
Lucknow: राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों का पारा बढ़ा दिया है। न्यू आलमबाग उपकेंद्र पर बिजली गुल होने से नाराज स्थानीय लोग रात के समय डंडे लेकर पावर हाउस पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने उपकेंद्र के अंदर घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और ऑफिस का सामान तोड़ दिया।
घटना 25 जून की रात की है जब कृष्णानगर थाना क्षेत्र के न्यू आलमबाग उपकेंद्र पर विरोध प्रदर्शन हुआ। रात करीब 9:30 बजे कानपुर रोड, एलडीए कॉलोनी सेक्टर बी, लोकबंधु अस्पताल, बरिगवां, कृष्णानगर, गोपालपुरी, सुभाषनगर और कनौसी जैसे इलाकों की बिजली चली गई थी। बीच में बिजली आई लेकिन रात 10:25 बजे फिर से गुल हो गई, जिससे करीब 9500 घरों में अंधेरा छा गया।
बिजली न आने से नाराज लोगों ने उपकेंद्र में तैनात ऑपरेटर और दो अन्य संविदा कर्मचारियों को पीटा और वहां रखी मेज-कुर्सी पलट दी। हंगामे की सूचना मिलते ही कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को फटकार लगाई और एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी, जिसके बाद भीड़ शांत हुई। हालांकि, कर्मचारियों ने अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
एसडीओ नीरज वर्मा ने बताया कि पहले मोहन रोड ट्रांसमिशन उपकेंद्र की 33 केवी लाइन में खराबी आई थी, जिसके बाद सरोजनीनगर से बिजली चालू की गई, लेकिन उस लाइन में भी तकनीकी खराबी आ गई। करीब सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद रात 12:45 बजे बिजली बहाल हो सकी। फ्यूज और एबीसी जलने की वजह से इंजीनियर और कर्मचारी अगले दिन सुबह छह बजे तक ड्यूटी पर तैनात रहे।
लखनऊ में बिजली संकट और कर्मचारियों पर हमलों को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही संवेदनशील उपकेंद्रों पर PAC की तैनाती का फैसला लिया था। शहर के अन्य हिस्सों जैसे वृंदावन योजना और नाका इलाके में भी शॉर्ट सर्किट और केबल जलने की वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही, जहां स्थानीय व्यापारियों ने विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई।