Lucknow में कार के अंदर मिला दरोगा का शव, नाक से निकल रहा था खून; जांच में जुटी पुलिस
Lucknow: राजधानी के पारा इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मोहन रोड स्थित अर्श हॉस्पिटल के सामने खड़ी एक सेंट्रो कार में दरोगा अजय सिंह का शव मिला। 34 वर्षीय अजय सिंह गाजीपुर थाने की सर्वोदय नगर चौकी में तैन
Lucknow: राजधानी के पारा इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मोहन रोड स्थित अर्श हॉस्पिटल के सामने खड़ी एक सेंट्रो कार में दरोगा अजय सिंह का शव मिला। 34 वर्षीय अजय सिंह गाजीपुर थाने की सर्वोदय नगर चौकी में तैनात थे। शुक्रवार को जब पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर शव बाहर निकाला, तो उनकी नाक से खून निकल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, कार (UP 74 J 3400) गुरुवार शाम करीब 6 बजे से सड़क किनारे खड़ी थी। लगभग 24 घंटे तक कार बंद रहने की वजह से शव फूल गया था। मृतक दरोगा मूल रूप से हापुड़ जिले के रहने वाले थे और ड्यूटी के कारण लखनऊ के पारा क्षेत्र में किराए के मकान में अकेले रहते थे। उनके परिवार में पत्नी कोमल और दो बेटियां हैं, जिनमें से पत्नी पिछले एक साल से हापुड़ में रह रही हैं।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दरोगा के सीने पर भी खून के निशान मिले हैं, लेकिन शरीर पर किसी बाहरी चोट के कोई निशान नहीं दिखे। कार के अंदर शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई और फिर शव को बाहर निकाला।
एसीपी शकील अहमद ने कहा कि मौत की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। वहीं पारा थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि शराब की बोतलें मिली हैं, लेकिन उनका मौत से संबंध था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चलेगा।