Lucknow में वकील की ड्रेस पहनकर अपराध करने वालों की अब खैर नहीं, पुलिस ने बनाया स्पेशल सेल और जारी किया हेल्पलाइन नंबर
Lucknow: लखनऊ में वकील की वेशभूषा का गलत इस्तेमाल कर लोगों को डराने या अपराध करने वालों के खिलाफ अब पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस कमिश्नरेट ने ऐसे लोगों पर लगाम लगाने के लिए एक स्पेशल सेल (विशेष प्रकोष्ठ) का गठन किय
Lucknow: लखनऊ में वकील की वेशभूषा का गलत इस्तेमाल कर लोगों को डराने या अपराध करने वालों के खिलाफ अब पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस कमिश्नरेट ने ऐसे लोगों पर लगाम लगाने के लिए एक स्पेशल सेल (विशेष प्रकोष्ठ) का गठन किया है। इसके साथ ही एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है ताकि आम लोग बिना डरे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
यह पूरी कार्रवाई इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के बाद हुई है। कोर्ट ने इस बात पर गहरी चिंता जताई थी कि कुछ लोग वकील के कपड़े पहनकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। हाल ही में 21 जुलाई को कैसरबाग जिला अदालत परिसर में एक घटना हुई थी, जहां वकील की ड्रेस में आए कुछ लोगों ने दयानंद सेवा संस्थान के परिसर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की थी। इस मामले में पुलिस की ढिलाई पर हाई कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई थी और सवाल किया था कि पुलिस इतनी देर तक मूकदर्शक क्यों बनी रही।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) को इस स्पेशल सेल का नोडल अधिकारी बनाया गया है। यह सेल संयुक्त पुलिस आयुक्त कार्यालय के कक्ष संख्या-36 में काम करेगा और इसकी जिम्मेदारी उप निरीक्षक रामेश्वर तिवारी को सौंपी गई है। पुलिस ने साफ किया है कि थानों में शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था पहले की तरह ही रहेगी, लेकिन इस सेल के जरिए आने वाली शिकायतों की अलग से निगरानी की जाएगी।
इस स्पेशल सेल का मुख्य मकसद उन लोगों को पकड़ना है जो वकील की पोशाक का सहारा लेकर जमीन-मकान पर अवैध कब्जा करते हैं या लोगों को धमकाते हैं। हाई कोर्ट ने इस पूरे मामले में बार काउंसिल ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश बार काउंसिल को भी पक्षकार बनाने का निर्देश दिया है।
अगर किसी व्यक्ति को वकील की ड्रेस पहनकर धमकी देने या जमीन कब्जाने जैसी शिकायत करनी है, तो वह मोबाइल नंबर 9454634500 पर संपर्क कर सकता है या सीधे कक्ष संख्या-36 में जाकर अपनी बात रख सकता है।