Lucknow में BMW के सीक्रेट लॉकर से मिले 26 लाख रुपये, ‘माफिया’ लिखी कार और ‘विधायक’ वाली स्कॉर्पियो जब्त
Lucknow/UP: राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। रूटीन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी BMW कार की तलाशी ली गई, जिसमें बने एक गुप्त लॉकर से 26 लाख रुपये नकद बरामद हुए। कार में सवार तीन युवक इस भारी
Lucknow/UP: राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। रूटीन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी BMW कार की तलाशी ली गई, जिसमें बने एक गुप्त लॉकर से 26 लाख रुपये नकद बरामद हुए। कार में सवार तीन युवक इस भारी रकम का कोई कानूनी हिसाब या दस्तावेज नहीं दे पाए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।
यह पूरी घटना 3 और 4 जुलाई 2026 की दरमियानी रात को आशियाना थाना क्षेत्र के किला चौकी के पास सोशल प्वाइंट रेस्टोरेंट के पास हुई। प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश यादव की टीम ने जब काले शीशों वाली हरियाणा नंबर की BMW कार को रोका, तो उसमें कई संदिग्ध चीजें मिलीं। कार पर ‘माफिया’ लिखा था और नंबर प्लेट पर ‘कैलिफ़ोर्निया’ अंकित था। पुलिस को कार की डिग्गी में एक सीक्रेट लॉकर मिला, जिसमें 500-500 रुपये के नोटों की 52 गड्डियां रखी थीं।
मौके से एक स्कॉर्पियो कार भी जब्त की गई है, जिस पर ‘विधायक’ लिखा था और उस पर विधानसभा सचिवालय का 2025 का ‘F’ श्रेणी का पास लगा था। यह गाड़ी कृष्णा कुमार सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने जब युवकों से पूछताछ की, तो वे बार-बार अपने बयान बदल रहे थे। कभी उन्होंने इसे निजी लेनदेन बताया तो कभी किसी कारोबारी का पैसा।
हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान शिवांशु पांडेय (21 वर्ष), रोचमन वर्मा (19 वर्ष) और रचित ठाकुर उर्फ अथर्व (21 वर्ष) के रूप में हुई है। BMW कार शिवांशु पांडेय के नाम पर है। बताया गया है कि शिवांशु ने चेकिंग के दौरान पुलिस पर रौब झाड़ने की कोशिश की और खुद को दरोगा का बेटा बताया।
पुलिस ने नकदी के अलावा कार से बड़ी मात्रा में यौनवर्धक दवाएं और कंडोम भी बरामद किए हैं। एसीपी कैंट सुजीत दुबे ने पुष्टि की है कि आयकर विभाग को इस मामले की जानकारी दे दी गई है और वे नकदी के स्रोत की जांच कर रहे हैं। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि कार में हूटर और नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ क्यों की गई थी और इन युवकों की आर्थिक गतिविधियां क्या थीं।