Lucknow में अघोरी बनकर अंगूठी चुराने वाले दो शातिर गिरफ्तार, दिल्ली से आकर करते थे टप्पेबाजी

Lucknow: राजधानी के जानकीपुरम इलाके में लोगों को झांसा देकर गहने चुराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मड़ियांव पुलिस ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली से किराए की गाड़ी लेकर लखनऊ आते थे और यहां

Lucknow: राजधानी के जानकीपुरम इलाके में लोगों को झांसा देकर गहने चुराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। मड़ियांव पुलिस ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली से किराए की गाड़ी लेकर लखनऊ आते थे और यहां लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

यह पूरी कार्रवाई जानकीपुरम के मल्हर डीलक्स निवासी शाम्भवी शुक्ला की शिकायत पर हुई। शाम्भवी की अंगूठी 17 जून को इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर के पास चोरी हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक संदिग्ध दिल्ली नंबर की गाड़ी को ट्रेस किया और शनिवार को भिठौली फ्लाईओवर के पास से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान दक्षिणी दिल्ली के शांति कॉलोनी निवासी साकिब नाथ और गोविंदपुरी निवासी अरुण के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 32,000 रुपये की नकदी बरामद की है, जो उन्होंने चोरी के जेवर बेचकर जमा किए थे।

जांच में सामने आया कि ये लोग बहुत शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी खुद को अघोरी बताते थे और राहगीरों को टोना-टोटका के जरिए परेशानियां दूर करने का लालच देते थे। बातों में उलझाने के लिए वे लोगों को फूल देते थे और इसी बीच मौका पाकर उनकी अंगूठी पार कर देते थे। चोरी की गई अंगूठियों को वे तुरंत राहगीरों को बेच देते थे। वारदात के बाद ये लोग चारबाग के होटलों में रुककर अय्याशी करते थे।

इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि इन आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। इनके खिलाफ दिल्ली के अलावा मथुरा, हरियाणा, राजस्थान और बंगाल में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क की जांच कर रही है।