Lucknow में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का इनामी गैंगस्टर और शातिर चोर गिरफ्तार; बेटे ने पिता पर किया चाकू से हमला

Lucknow: राजधानी लखनऊ के कैसरबाग इलाके में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक इनामी गैंगस्टर और एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही शहर के पारा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की लत

Lucknow: राजधानी लखनऊ के कैसरबाग इलाके में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक इनामी गैंगस्टर और एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही शहर के पारा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की लत के कारण एक बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर दिया।

कैसरबाग पुलिस ने जंबूरखाना मछली मोहाल के रहने वाले साजमान उर्फ हबड़ी को बारादरी के पास से पकड़ा है। साजमान पर आरोप है कि उसने 26 जून को फूलबाग निवासी गोपाल चौहान से गले मिलने और हाथ मिलाने के बहाने उनकी जेब से 35,000 रुपये चुरा लिए थे। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि 8 अगस्त की रात बटलर पार्क के पीछे संदिग्धों की चेकिंग के दौरान साजमान ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके पास से 5,250 रुपये बरामद हुए हैं।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मो. हासिम नाम के एक वांछित गैंगस्टर को भी गिरफ्तार किया है। हासिम फैजुल्लागंज जैनाब मस्जिद के पास रहता था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम था। उसके खिलाफ हजरतगंज, विकास नगर और कैसरबाग में कई मुकदमे दर्ज थे। उपनिरीक्षक योगेश चंदेल की टीम ने उसे सफेद बारादरी के पास से पकड़ा। पूछताछ में हासिम ने माना कि वह गलत संगत में पड़कर चोरी और लूट जैसे अपराधों में शामिल हुआ, हालांकि अब उसने इन कामों को छोड़ने की इच्छा जताई है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।

दूसरी तरफ, पारा के तेजीखेड़ा इलाके में नशे की लत ने एक परिवार को बिखेर दिया। यहां रहने वाले विपिन ने नशे के लिए पैसे न मिलने पर अपने पिता ओम प्रकाश पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित पिता के मुताबिक, विपिन नशे का आदी है और अक्सर पैसों या संपत्ति में हिस्से की मांग करता रहता है। गुरुवार शाम जब पिता ने पैसे देने से मना किया, तो विपिन ने उन पर चाकू से कई वार किए। घायल ओम प्रकाश ने शनिवार को पारा थाने में बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।