Lucknow में ‘फिजियो समिट-2026’ का आयोजन, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया बिना दवा दर्द निवारण का असरदार तरीका

Lucknow: राजधानी लखनऊ के मेदांता अस्पताल में रविवार, 28 जून 2026 को ‘फिजियो समिट-2026’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन द इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट (IAP), उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया था। कार

Lucknow: राजधानी लखनऊ के मेदांता अस्पताल में रविवार, 28 जून 2026 को ‘फिजियो समिट-2026’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन द इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट (IAP), उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने फिजियोथेरेपी की अहमियत पर चर्चा की और इसे आधुनिक जीवनशैली के लिए जरूरी बताया।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि फिजियोथेरेपी अब बिना दवा के दर्द कम करने, फिटनेस सुधारने और बेहतर जीवन जीने का एक प्रभावी जरिया बन गई है। उन्होंने बताया कि 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की शारीरिक क्षमता बनाए रखने, आईसीयू में भर्ती मरीजों के ठीक होने, खेलकूद में लगी चोटों के इलाज और बुजुर्गों के स्वास्थ्य सुधार में इसकी बड़ी भूमिका है। पाठक ने युवाओं को सलाह दी कि वे मोबाइल और रील्स की दुनिया से बाहर निकलकर नियमित व्यायाम को अपनी आदत बनाएं ताकि एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।

सम्मेलन के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने फिजियोथेरेपी को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें और सुझाव रखे। IAP उत्तर प्रदेश के स्टेट सेक्रेटरी डॉ. के.के. शर्मा ने विश्व फिजियोथेरेपी दिवस की तैयारियों पर बात की और जल्द से जल्द फिजियोथेरेपी काउंसिल के गठन की मांग की। वहीं डॉ. डी.के. मिश्र ने जोर दिया कि प्रदेश के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में फिजियोथेरेपिस्टों की नियुक्ति होनी चाहिए ताकि गांव-देहात के लोगों को भी यह सुविधा मिल सके।

कार्यक्रम में मेदांता अस्पताल के ऑर्थोपेडिक्स डायरेक्टर डॉ. सौरभ शुक्ला ने आधुनिक तकनीकों से गठिया और हड्डियों की बीमारियों के इलाज की जानकारी दी। IAP के स्टेट ट्रेजरर डॉ. एस.के. गौतम और कानपुर शाखा के सचिव डॉ. स्टैनली ब्राउन ने समाज के हर वर्ग तक फिजियोथेरेपी की पहचान पहुंचाने और स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी में रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा की। इस दौरान मेदांता अस्पताल की टीम ने सीपीआर (CPR) और बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी दिया। कार्यक्रम में मेदांता के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. विक्रम सिंह चौहान और डॉ. अजीत किशोर सहित कई वरिष्ठ विशेषज्ञ मौजूद रहे।