Lucknow में रिटायर्ड फौजी के घर पर युवकों ने किया पथराव, कॉलोनी वालों ने दो हमलावरों को दबोचा
Lucknow: पीजीआई थाना क्षेत्र के सेक्टर-6बी में बुधवार शाम एक रिटायर्ड फौजी के घर और दुकान पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। यह घटना मामूली कहासुनी के बाद हुई, जिसमें हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया। मौके पर मौजूद स्था
Lucknow: पीजीआई थाना क्षेत्र के सेक्टर-6बी में बुधवार शाम एक रिटायर्ड फौजी के घर और दुकान पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। यह घटना मामूली कहासुनी के बाद हुई, जिसमें हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला किया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए दो आरोपियों को उनकी बाइक समेत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सेना से सूबेदार पद से रिटायर्ड बृजेश शुक्ला वृंदावन योजना के सेक्टर-6बी में रहते हैं और फौजी चौराहे पर उनकी ट्रेडर्स की दुकान है। बुधवार शाम बारिश रुकने के बाद उनकी दुकान के बाहर एक युवक खड़ा था, जिससे किसी बात को लेकर बृजेश शुक्ला की बहस हो गई। आरोप है कि जब उन्होंने युवक को टोका, तो उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
इसके कुछ ही देर बाद बिना नंबर प्लेट की एक Splendor बाइक पर सवार होकर तीन और युवक वहां पहुंचे। इन युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और दुकान पर पथराव करने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और उन्होंने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि उनके दो साथी मौके से भागने में कामयाब रहे।
सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच में पता चला है कि हमला करने वाले चारों युवक नेपालगंज तेलीबाग के रहने वाले हैं। रिटायर्ड फौजी ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है, जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की है।