Lucknow में शहीद के सूने घर में चोरी, PGI पुलिस ने 48 घंटे में 5 ऑटो चालकों को दबोचा

Lucknow: राजधानी के कल्ली पश्चिम इलाके में एक शहीद के घर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। PGI पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर पांच ऑटो चालकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी रायबरेली

Lucknow: राजधानी के कल्ली पश्चिम इलाके में एक शहीद के घर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। PGI पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर पांच ऑटो चालकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी रायबरेली के रहने वाले हैं और लखनऊ में ऑटो चलाते थे।

यह पूरा मामला शहीद शैलेंद्र सिंह तोमर के घर का है, जो एकता नगर साहू कॉलोनी में रहता है। उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह 11 जुलाई को अपने गांव गई थीं और जब वह 14 जुलाई को वापस लौटीं, तो उन्हें घर में चोरी का पता चला। जांच में सामने आया कि चोरों ने 12 जुलाई की रात को इस वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद के निर्देश पर तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। इंस्पेक्टर PGI सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने इलाके के करीब 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सबूत जुटाए, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस ने गुरुवार को डलौना रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी का नाम उम्र
शुभम 24 वर्ष
शनि कुमार 21 वर्ष
दिलीप 20 वर्ष
गोविंद लाल 26 वर्ष
नितिन 19 वर्ष

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और घरेलू सामान जैसे गैस सिलेंडर, मिक्सी, गैस चूल्हा और कुकर बरामद कर लिया है। साथ ही वह कार भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल वे रायबरेली जाने के लिए कर रहे थे। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने आर्थिक तंगी और कर्ज चुकाने के लिए बंद मकानों की रेकी की थी। आरोपी दिलीप ने सवारी बुक करने के बहाने घरों की टोह ली थी।

पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों पर पहले भी मारपीट जैसे मामले दर्ज हैं। चोरी करने के बाद इन्होंने रायबरेली में शराब पार्टी भी की थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।