Lucknow के PGI इलाके में दिनदहाड़े लूट, महिला के सिर पर हमला कर 15 लाख के जेवर ले गए बदमाश

Lucknow: राजधानी के पीजीआई इलाके में बुधवार दोपहर बदमाशों ने एक घर में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में अकेली महिला पर हमला कर करीब 15 लाख रुपये के जेवर और नकदी लूट लिए। इस घटना के बाद इलाके में

Lucknow: राजधानी के पीजीआई इलाके में बुधवार दोपहर बदमाशों ने एक घर में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में अकेली महिला पर हमला कर करीब 15 लाख रुपये के जेवर और नकदी लूट लिए। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घटना पीजीआई के वृंदावन सेक्टर-दो की है, जहां लक्ष्मीकांत मिश्रा के घर में उनकी बहू ज्योति मिश्रा दोपहर करीब 2 बजे अकेली थीं। आरोप है कि दो नकाबपोश बदमाश घर के अंदर घुस आए। जब ज्योति मिश्रा ने उनका विरोध किया, तो बदमाशों ने धारदार हथियार से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गईं। बदमाश घर से करीब 15 लाख रुपये के गहने और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

हैरानी की बात यह रही कि जल्दबाजी में बदमाश घर में रखी एक एलईडी टीवी और एक 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक वहीं छोड़ गए। घटना का पता तब चला जब शाम 4 बजे ज्योति मिश्रा की ननद आकांक्षा अपनी ड्यूटी से घर लौटीं। आनन-फानन में घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव और पीजीआई इंस्पेक्टर सुनील सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके और उनकी गिरफ्तारी हो सके।