Lucknow में मंदिर चोरी का खुलासा, 3 शातिर चोर गिरफ्तार; नकदी और चांदी के गहने बरामद

Lucknow: राजधानी के महानगर इलाके में स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की नकदी, चांदी

Lucknow: राजधानी के महानगर इलाके में स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की नकदी, चांदी के गहने, धार्मिक वस्तुएं और एक बाइक बरामद हुई है।

यह पूरी घटना 3 अगस्त 2026 की है, जब रात करीब 2 बजे चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। सुबह 5:30 बजे मंदिर के पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित ने चोरी की जानकारी दी थी। पीड़ित प्रदीप कुमार शर्मा और उनके बेटे पवन कुमार शर्मा ने महानगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। चोरों ने मंदिर के चैनल गेट के चार ताले काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और सबूत मिटाने के लिए CCTV का DVR भी साथ ले गए।

पुलिस की जांच में पता चला कि इस गैंग ने गुडंबा के पीपलेश्वर महादेव मंदिर को भी निशाना बनाया था। DCP सेंट्रल विक्रांत वीर और इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जाल बिछाया। 15 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर शक्ति वन, अकबरनगर बंधा रोड के पास किसी अन्य चोरी की योजना बना रहे हैं। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिज़वान और मोहम्मद आदिल (दोनों निवासी बादशाहनगर) और विजय मौर्य उर्फ नाटू (निवासी पेपरमिल कॉलोनी) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से करीब 35-36 लाख रुपये मूल्य के चांदी के गहने, जिनमें चांदी के मुकुट और छत्र शामिल हैं, बरामद किए हैं। आरोपियों ने कबूल किया है कि वे अपनी इच्छाएं पूरी करने के लिए मंदिरों की रेकी करते थे और वहां से कीमती धातुएं चोरी करते थे।