Lucknow के होटल में युवा वैज्ञानिक की संदिग्ध मौत, परिवार ने लगाया साथियों पर गंभीर आरोप

UP/Lucknow: लखनऊ के विभूति खंड इलाके में स्थित Novotel होटल में एक युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। राहुल का पार्थिव शरीर बुधवार देर रात उनके पैतृक गांव सिसवा नगर पालिका के इंदिरा नगर पहुं

UP/Lucknow: लखनऊ के विभूति खंड इलाके में स्थित Novotel होटल में एक युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। राहुल का पार्थिव शरीर बुधवार देर रात उनके पैतृक गांव सिसवा नगर पालिका के इंदिरा नगर पहुंचा, जहां परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और कुछ सहकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

घटनाक्रम के अनुसार, 22 वर्षीय राहुल सिंह ने सोमवार दोपहर 13 जुलाई 2026 को होटल में चेक-इन किया था। मंगलवार सुबह जब उन्होंने कमरा खाली नहीं किया और दरवाजा नहीं खुला, तब होटल स्टाफ ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो राहुल बिस्तर पर मृत पाए गए। राहुल ने ठीक एक दिन पहले 12 जुलाई को अपना जन्मदिन मनाया था।

राहुल सिंह एक होनहार इनोवेटर थे और MMMUT गोरखपुर के डिजाइन इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन सेंटर में शोध कर रहे थे। उन्होंने बैटरी से चलने वाला ट्रैक्टर, रोटी मेकर और साइकिल जैसे कई नए आविष्कार किए थे और ड्रोन तकनीक पर काम कर रहे थे।

इस मामले में राहुल के भाई रोहित सिंह ने विभूति खंड थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बस्ती निवासी चंद्रभूषण मिश्रा पर राहुल को धमकाने और ड्रोन प्रोजेक्ट से जुड़े पैसों के विवाद को लेकर आरोप लगाए हैं। रोहित का कहना है कि राहुल को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिली थीं, जिसकी शिकायत 12 जून को ADG गोरखपुर से भी की गई थी।

दूसरी तरफ, आरोपी चंद्रभूषण मिश्रा ने इन आरोपों को गलत बताया है। उनका दावा है कि उन्होंने ड्रोन प्रोजेक्ट के लिए राहुल को करीब 62 लाख रुपये दिए थे, जो वापस नहीं मिले। इसी बात को लेकर उन्होंने 13 जून को राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है, इसलिए विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है। ACP सौम्या पांडे और इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के साथ इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की पड़ताल की जा रही है।