Lucknow के 5-स्टार होटल में 22 साल के साइंटिस्ट की मौत, बैटरी वाला ट्रैक्टर और ड्रोन बनाया था राहुल ने

Lucknow: राजधानी के विभूतिखंड इलाके में स्थित नोवोटेल होटल में एक युवा वैज्ञानिक की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राहुल सिंह के रूप में हुई है, जो अपनी छोटी उम्र में ही कई बड़े नवाचारों के लिए जाने

Lucknow: राजधानी के विभूतिखंड इलाके में स्थित नोवोटेल होटल में एक युवा वैज्ञानिक की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राहुल सिंह के रूप में हुई है, जो अपनी छोटी उम्र में ही कई बड़े नवाचारों के लिए जाने जाते थे। मंगलवार सुबह जब होटल के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तब इस घटना का पता चला।

राहुल सिंह सोमवार दोपहर करीब 1:19 बजे होटल में ठहरे थे। मंगलवार सुबह 11 बजे जब उन्होंने चेक-आउट नहीं किया और कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो होटल स्टाफ ने पुलिस को खबर दी। विभूतिखंड थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, जिसके बाद राहुल बेड पर अचेत मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कमरे की जांच के दौरान वहां उल्टी (vomiting) के निशान मिले और कमरा अंदर से बंद था।

पुलिस की शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग या हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि राहुल के कमरे में उनके अलावा कोई और व्यक्ति नहीं गया था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी। राहुल के परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

राहुल सिंह महराजगंज जिले के सिसवां बाजार इलाके के रहने वाले थे और गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शोध कर रहे थे। उन्होंने बहुत कम उम्र में विज्ञान के क्षेत्र में नाम कमाया था। राहुल ने बैटरी से चलने वाला इको-फ्रेंडली ट्रैक्टर और मात्र 150 ग्राम का ड्रोन बनाया था। इसके अलावा उन्होंने 2018 में रोटी मेकर और 2019 में बैटरी वाली साइकिल भी तैयार की थी। 13 साल की उम्र में उन्होंने इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल में लगातार तीन साल तक पहला स्थान हासिल किया था।