Lucknow के होटल में ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह का शव मिला, हार्ट अटैक से मौत की आशंका

Lucknow: राजधानी के गोमतीनगर इलाके में स्थित Novotel होटल के एक कमरे में 22 वर्षीय ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और शुरुआती जांच में इसे हार्ट अटैक का मामला माना जा र

Lucknow: राजधानी के गोमतीनगर इलाके में स्थित Novotel होटल के एक कमरे में 22 वर्षीय ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और शुरुआती जांच में इसे हार्ट अटैक का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

राहुल सिंह मूल रूप से महाराजगंज जिले के सिसवा बाजार बीजापार इलाके के छपरा गांव के रहने वाले थे। वह गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) में इंजीनियर थे और वहां के डिजाइन इनोवेटर एंड इनक्यूबेशन सेंटर में रिसर्च कर रहे थे। उन्हें उनकी काबिलियत की वजह से ‘ड्रोन मैन’ के नाम से भी जाना जाता था। बताया जाता है कि उन्होंने महज 16 साल की उम्र में बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं में फंसे लोगों की जान बचाने के लिए एक आधुनिक ड्रोन तैयार किया था।

घटना की जानकारी मिलते ही विभूतिखंड एसीपी सौम्या पांडे और इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को कमरे के अंदर किसी भी तरह की लड़ाई-झगड़े या बाहरी हस्तक्षेप के कोई सबूत नहीं मिले हैं। एसीपी सौम्या पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हार्ट अटैक का लग रहा है, लेकिन मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

पुलिस अब होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। राहुल के परिवार को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।