Lucknow को तोहफ़ा, नेहरू इन्क्लेव में बनेगा सेना का वॉर म्यूजियम और कन्वेंशन सेंटर

Lucknow: गोमती नगर के नेहरू इन्क्लेव में अब भारतीय सेना का एक शानदार वॉर म्यूजियम और विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर शुरू हुए इस प्रोजेक्ट से लखनऊ रक्षा विरासत और सैन्य इतिहास का एक ब

Lucknow: गोमती नगर के नेहरू इन्क्लेव में अब भारतीय सेना का एक शानदार वॉर म्यूजियम और विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर शुरू हुए इस प्रोजेक्ट से लखनऊ रक्षा विरासत और सैन्य इतिहास का एक बड़ा केंद्र बन जाएगा। इससे शहर में पर्यटन बढ़ेगा और बड़े स्तर के सम्मेलनों के लिए नई जगह मिलेगी।

इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए करीब 125 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। भारतीय सेना इस काम के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को 33.97 एकड़ जमीन सौंपेगी। इस जमीन का इस्तेमाल अलग-अलग कामों के लिए किया जाएगा। करीब 12.87 एकड़ में म्यूजियम और कन्वेंशन सेंटर बनेगा, 14 एकड़ में ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी और बाकी बची 7.10 एकड़ जमीन का इस्तेमाल कमर्शियल कामों के लिए होगा। कमर्शियल प्लॉट से जो कमाई होगी, उससे प्रोजेक्ट के निर्माण का खर्च निकाला जाएगा।

LDA के वाइस चेयरमैन प्रथमेश कुमार ने बताया कि सेना से औपचारिक मंजूरी मिलने के दो साल के भीतर इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। म्यूजियम में डिजिटल तकनीक और ऑडियो-विजुअल डिस्प्ले का इस्तेमाल होगा, जिससे लोग भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास को करीब से जान सकेंगे। यहाँ प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध, 1947-48 का संघर्ष, 1962, 1965, 1971 के युद्ध और कारगिल युद्ध की यादें संजोई जाएंगी।

इस कॉम्प्लेक्स में कई खास सुविधाएं होंगी। यहाँ एक 270-डिग्री इमर्सिव ऑडिटोरियम, डिफेंस इक्विपमेंट के लिए ओपन-एयर डिस्प्ले एरिया, हेलीकॉप्टर और टैंक सिमुलेटर और एक डिजिटल इंटरेक्शन जोन बनाया जाएगा। इसके अलावा भारतीय नौसेना और वायुसेना के योगदान को दिखाने के लिए अलग गैलरी होगी और एक मिलिट्री मेमोरबिला सेंटर भी होगा। तैयार होने के बाद इस पूरे परिसर के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी LDA की होगी।