Lucknow में कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ, NCC कैडेट्स ने शहीद कैप्टन मनोज पांडे को दी श्रद्धांजलि
Lucknow: राजधानी लखनऊ में कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ मनाई गई। इस मौके पर नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर की 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन NCC की कैडेट्स ने परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन मनोज कुमार पांडे क
Lucknow: राजधानी लखनऊ में कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ मनाई गई। इस मौके पर नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर की 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन NCC की कैडेट्स ने परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन मनोज कुमार पांडे के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
NCC ऑफिसर मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सोढ़ी के नेतृत्व में पहुंची कैडेट्स ने शहीद कैप्टन मनोज पांडे की तस्वीर पर फूल चढ़ाए। इस दौरान कैडेट्स ने उनके भाई मनमोहन पांडे और भाभी अनुराधा पांडे से मुलाकात की और उन्हें एक पौधा और हाथ से बनाया हुआ गुलदस्ता भेंट किया।
कैडेट्स ने वहां मौजूद यादगार चीजों और तस्वीरों को देखा। परमवीर चक्र को करीब से देखना उनके लिए बहुत भावुक और प्रेरणादायक अनुभव रहा। छात्रों ने देश के बहादुर सैनिकों के सम्मान में ‘तेरी मिट्टी…’ जैसे देशभक्ति गीत गाए और कविताएं भी सुनाईं। परिवार के सदस्यों ने कैप्टन मनोज पांडे के जीवन से जुड़ी कुछ प्रेरक बातें साझा कीं, जिससे सभी छात्र काफी प्रभावित हुए।
19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन NCC के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक और नवयुग कन्या महाविद्यालय की प्रिंसिपल प्रो. मंजुला उपाध्याय ने इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान नई पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणा बना रहेगा और ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और सेवा की भावना मजबूत होती है।
कैप्टन मनोज पांडे ने 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान बटालिक सेक्टर में दुश्मन के महत्वपूर्ण पोस्ट कब्जाने में अद्भुत साहस दिखाया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने आखिरी सांस तक अपने साथियों का नेतृत्व किया और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी इसी वीरता के लिए उन्हें मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से नवाजा गया था।