Lucknow के नाका इलाके में बिजली खंभे पर लगी भीषण आग, भगदड़ और हंगामे के बाद दमकल पहुंची

Lucknow: राजधानी के नाका इलाके में बुधवार शाम एक बिजली के खंभे पर अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे की वजह से खोया मंडी गेट के पास पायनियर इलेक्ट्रॉनिक के पास भारी अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देखकर दुकानदारों और राहगीरों मे

Lucknow: राजधानी के नाका इलाके में बुधवार शाम एक बिजली के खंभे पर अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे की वजह से खोया मंडी गेट के पास पायनियर इलेक्ट्रॉनिक के पास भारी अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देखकर दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

यह घटना 24 जून 2026 की शाम करीब 7:00 बजे हुई। बताया जा रहा है कि खंभे पर लगे केबल तारों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के गुच्छे में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग भड़की। आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों में डर फैल गया। स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बिजली उपकेंद्र और फायर ब्रिगेड को खबर देने के आधे घंटे बाद तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। दमकल विभाग की दो गाड़ियां करीब 40 मिनट की देरी से पहुंचीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

दमकल के आने से पहले आक्रोशित व्यापारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर अपनी दुकानों में रखे फायर फाइटिंग सिलेंडरों से आग बुझाने की कोशिश की। इस अग्निकांड की वजह से इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और इंटरनेट समेत संचार सेवाएं भी काफी देर तक बंद रहीं।

नाका हिंडोला परिक्षेत्र व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन मनोचा ने बिजली विभाग की इस लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बिजली खंभों पर लेसा, प्राइवेट इंटरनेट प्रोवाइडर्स और केबल ऑपरेटरों के तारों का मकड़जाल फैला हुआ है। कई संवेदनशील जगहों पर भारी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अवैध रूप से लटकाए गए हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा हमेशा बना रहता है। व्यापारियों ने मांग की है कि रिहायशी और कमर्शियल इलाकों के पोल से सभी अनावश्यक तार और खतरनाक डिवाइस तुरंत हटाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।