Lucknow में दो युवकों पर हत्या की FIR दर्ज, परिजनों ने समाप्त किया धरना
Lucknow: नगराम इलाके के कुबहरा गांव में 18 साल के राम सनेही की मौत के बाद मचा हंगामा रविवार शाम को शांत हुआ। पुलिस ने परिजनों की मांग मानते हुए दो युवकों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की, जिसके बाद ग्रामीणों ने अपना ध
Lucknow: नगराम इलाके के कुबहरा गांव में 18 साल के राम सनेही की मौत के बाद मचा हंगामा रविवार शाम को शांत हुआ। पुलिस ने परिजनों की मांग मानते हुए दो युवकों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की, जिसके बाद ग्रामीणों ने अपना धरना खत्म कर दिया और शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मामला तब शुरू हुआ जब राम सनेही का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया और इसे हत्या करार देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। शनिवार को जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग बताई गई, तब भी परिजन संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने से मना कर दिया।
तनाव कम करने के लिए रविवार को नायब तहसीलदार अजवेंद्र कुबहरा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक की मां को आर्थिक सहायता और दिव्यांग पेंशन समेत अन्य सरकारी लाभ दिलाने का भरोसा दिया। इसके बावजूद परिवार और ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, धरना जारी रहेगा।
रविवार शाम को नगराम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामसुमेर और सर्वेश नाम के दो युवकों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामला शांत हुआ। नगराम थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदा लगाना आया है, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।