Lucknow नगर निगम के संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी भीड़, हाउस टैक्स की शिकायतों ने किया परेशान

Lucknow: लखनऊ नगर निगम ने लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ ऑडिटोरियम में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस कार्यक्रम का मकसद जनता की समस्याओं को जल्दी और पारदर्शी तरीके से सुलझा

Lucknow: लखनऊ नगर निगम ने लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ ऑडिटोरियम में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस कार्यक्रम का मकसद जनता की समस्याओं को जल्दी और पारदर्शी तरीके से सुलझाना था। करीब दो महीने के अंतराल के बाद यह आयोजन हुआ, क्योंकि पहले पर्यावरण दिवस, जनगणना और वार्ड चौपालों की वजह से इसे टाला गया था।

इस समाधान दिवस के दौरान कुल 286 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से सबसे ज्यादा समस्या हाउस टैक्स को लेकर थी। मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने खुद लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को उन्हें जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। हालांकि, कुल 286 मामलों में से मौके पर केवल 60 शिकायतों का ही निपटारा हो पाया।

विभाग शिकायतों की संख्या
हाउस टैक्स (गृहकर) 174
इंजीनियरिंग विभाग 53
जलकल विभाग 29
नाली सफाई 17
सीवरेज 6
हॉर्टिकल्चर (बागवानी) 5
सफाई 1
लावारिस पशु 1

कार्यक्रम में आए कई लोगों ने हाउस टैक्स की गड़बड़ियों को लेकर अपनी नाराजगी जताई। नीलमथा बाजार के अमर नाथ रावत ने बताया कि GIS सर्वे के बाद उनकी दुकान का टैक्स 700 रुपये से बढ़कर सीधे 4,242 रुपये हो गया है। वहीं हजरतगंज की सुनीता केसरवानी का कहना था कि मार्च में 1.46 लाख रुपये जमा करने के बाद भी उन्हें 1.94 लाख रुपये का बिल मिला है। मुफ्तिगंज के सैयद बद्रुल हसन रिज़वी ने एक ही प्रॉपर्टी के दो बिल आने की शिकायत की, जिसे ठीक कराने के लिए वह एक साल से चक्कर लगा रहे हैं।

निराला नगर के अशोक अग्रवाल ने रामतीर्थ मार्ग पर सफाई व्यवस्था न होने की बात कही। कुछ शिकायतकर्ताओं ने यह भी बताया कि उन्होंने पिछले समाधान दिवस में भी अपनी समस्याएं रखी थीं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। मेयर सुषमा खर्कवाल ने लोगों से अपील की कि वे जरूरी दस्तावेजों के साथ इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें ताकि निगम और जनता के बीच संवाद बना रहे।