Lucknow में पार्क से हटा पूर्व पार्षद का कब्जा, नगर निगम ने चलाया बुलडोजर
Lucknow: सर्वोदय नगर के लाल बहादुर शास्त्री पार्क में लंबे समय से चल रहा अवैध कब्जा आखिरकार हट गया है। मंगलवार को लखनऊ नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ यहां कार्रवाई की और पूर्व पार्षद मनोज अवस्थी के कब्जे को पूरी
Lucknow: सर्वोदय नगर के लाल बहादुर शास्त्री पार्क में लंबे समय से चल रहा अवैध कब्जा आखिरकार हट गया है। मंगलवार को लखनऊ नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ यहां कार्रवाई की और पूर्व पार्षद मनोज अवस्थी के कब्जे को पूरी तरह हटा दिया। इस कार्रवाई के बाद अब पार्क की जमीन को आम जनता के लिए खाली करा लिया गया है।
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब इलाके के वर्तमान पार्षद भूपेंद्र कुमार शर्मा और स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से शिकायत की थी। लोगों का कहना था कि मनोज अवस्थी के पार्षद कार्यकाल खत्म होने के बाद भी उन्होंने पार्क की जमीन पर अपना कब्जा बनाए रखा था, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही थी। इस शिकायत के बाद नगर निगम ने जांच की और पाया कि सार्वजनिक जमीन पर अवैध निर्माण किया गया था।
कार्रवाई के दौरान माहौल तनावपूर्ण न हो, इसलिए जोनल ऑफिसर (जोन-4) शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में टीम भेजी गई। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी तरह के विवाद को रोका जा सके। कार्रवाई के समय कुछ विरोध भी देखने को मिला, लेकिन अधिकारियों ने बातचीत के जरिए मामला सुलझाया और कब्जा हटवाया।
अतिरिक्त नगर आयुक्त अभिनव रंजन ने बताया कि पार्क की संपत्ति जनता की है और किसी भी व्यक्ति या संगठन को इसे कब्जाने का हक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिकायतों की जांच के बाद ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। मनोज अवस्थी का दावा था कि वह यहां आरएसएस और बीजेपी मंडल के ऑफिस के तौर पर सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियां चलाते थे, लेकिन प्रशासन ने इसे अवैध कब्जा माना और वहां से सारा सामान हटवा दिया।