Lucknow में फुटपाथ पर बन रही 60 दुकानें, LDA ने नगर निगम को दिया काम रोकने का निर्देश
Lucknow : राजधानी के आशियाना इलाके में नगर निगम द्वारा फुटपाथ पर दुकानें बनाने को लेकर विवाद शुरू हो गया है। एलडीए कॉलोनी के गौतम बुद्ध पार्क की बाउंड्री के किनारे करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से 60 पक्की दुकानें बनाई जा र
Lucknow : राजधानी के आशियाना इलाके में नगर निगम द्वारा फुटपाथ पर दुकानें बनाने को लेकर विवाद शुरू हो गया है। एलडीए कॉलोनी के गौतम बुद्ध पार्क की बाउंड्री के किनारे करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से 60 पक्की दुकानें बनाई जा रही हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इस निर्माण पर आपत्ति जताई है और इसे तुरंत रोकने के निर्देश दिए हैं।
यह पूरा मामला ‘मॉडल वेंडिंग जोन’ योजना से जुड़ा है। आशियाना सेक्टर-एच के स्थानीय निवासियों ने इन दुकानों के खिलाफ प्रदर्शन किया था। लोगों का कहना है कि फुटपाथ पर पक्की दुकानें बनने से रास्ता छोटा हो जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम बढ़ेगा। इस मार्ग पर कई अस्पताल हैं, जिससे मरीजों को आने-जाने में भारी परेशानी होगी। निवासियों ने यह भी मुद्दा उठाया कि वेंडिंग नीति के मुताबिक स्थायी निर्माण की अनुमति नहीं है, लेकिन यहाँ पक्की दुकानें बनाई जा रही हैं जो तय साइज से भी बड़ी हैं।
LDA के मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह ने कहा कि फुटपाथ पर पक्की दुकानें बनने से आवागमन बाधित होगा और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा। उन्होंने पार्क के पर्यावरण और शुद्ध हवा पर पड़ने वाले बुरे असर का भी जिक्र किया। दूसरी तरफ, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि उन्हें LDA की आपत्ति के बारे में जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेंडिंग जोन का मकसद जाम की समस्या को कम करना है, लेकिन अगर कोई शिकायत है तो उसकी जांच कराई जाएगी और फिर फैसला लिया जाएगा।