Lucknow में अवैध डेयरियों पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, हंगामे के बीच 35 पशु जब्त

Lucknow: लखनऊ नगर निगम ने शहर में चल रही अवैध डेयरियों और सड़कों पर पशु बांधकर रास्ता रोकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने एक विशेष अभियान चलाया जिसमें भारी विरोध और हंगामे के ब

Lucknow: लखनऊ नगर निगम ने शहर में चल रही अवैध डेयरियों और सड़कों पर पशु बांधकर रास्ता रोकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने एक विशेष अभियान चलाया जिसमें भारी विरोध और हंगामे के बावजूद 35 पशुओं को जब्त किया गया। यह पूरी कार्रवाई पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में की गई।

नगर निगम अधिनियम 1959 के नियमों के मुताबिक शहरी सीमा के अंदर भैंस पालन पूरी तरह प्रतिबंधित है क्योंकि भैंस को ‘अपदूषणकारी पशु’ माना गया है। शहर में केवल लाइसेंस लेकर अधिकतम दो गायें ही रखी जा सकती हैं। अधिकारियों के मुताबिक IGRS पोर्टल और अन्य माध्यमों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि डेयरी संचालक खाली प्लॉटों में गोबर फेंक रहे हैं और नालियों में गंदगी बहा रहे हैं, जिससे इलाके में बदबू फैल रही है और मच्छरों से होने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

यह अभियान मुख्य रूप से जोन 2 के राजेंद्रनगर, ऐशबाग, राजाजीपुरम और भदेवां जैसे इलाकों में चलाया गया। करीब चार घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान टीम को काफी विरोध का सामना करना पड़ा। भदेवां इलाके में तो हालात ऐसे थे कि कुछ लोगों ने जबरन पकड़ी गई गायों को गाड़ी से उतारने की कोशिश की। वहीं, एक अवैध डेयरी पर महिला सुरक्षाकर्मी न होने की वजह से टीम को कार्रवाई टालनी पड़ी।

इस पूरे अभियान में कुल 35 पशु पकड़े गए हैं, जिनमें 23 गाय, आठ बछिया और चार बछड़े शामिल हैं। इन सभी पशुओं को कांजी हाउस भेज दिया गया है। अब डेयरी संचालकों को निर्धारित जुर्माना भरना होगा, जिसके बाद ही उनके पशु छोड़े जाएंगे। इस कार्रवाई में नगर निगम के साथ स्थानीय पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि शांति बनी रहे।