Lucknow में बिजली शिकायतों पर सख्ती, बिना समाधान शिकायत बंद करने वाले अफसरों पर होगी कार्रवाई
Lucknow: मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) के प्रबंध निदेशक संदीप भागिया ने बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कह दिया है कि अब शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
Lucknow: मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) के प्रबंध निदेशक संदीप भागिया ने बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कह दिया है कि अब शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी अधिकारी ने बिना समस्या सुलझाए फर्जी तरीके से शिकायत को बंद दिखाया, तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
एमडी संदीप भागिया ने बताया कि वह खुद अलग-अलग नंबरों से इंजीनियरों को फोन करके बिजली ठप होने जैसी शिकायतों पर उनकी तत्परता की जांच करेंगे। इसके अलावा, जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को नजरअंदाज करने वाले अधिकारियों की जांच चल रही है और रिपोर्ट आने के बाद उन पर कार्रवाई होगी। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टोल-फ्री नंबर 1912 जारी किया गया है, जिस पर बिजली बिल, खराब मीटर, नए कनेक्शन या बिजली चोरी से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।
आम लोगों की समस्याओं के सीधे समाधान के लिए अब हर महीने मध्यांचल निगम मुख्यालय (गोखले मार्ग) पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन कैंपों में नए कनेक्शन, गलत बिलों का सुधार, लोड बढ़वाने और खराब मीटर बदलने जैसे काम मौके पर ही किए जाएंगे। साथ ही, मोहनलालगंज और मलिहाबाद के अमौसी जोन में उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए नए कार्यालय खोलने पर भी विचार चल रहा है।
दूसरी तरफ, स्मार्ट प्रीपेड मीटर रिकनेक्शन में देरी को लेकर यूपीईआरसी ने यूपीपीसीएल को फटकार लगाई है। करीब 1.93 लाख उपभोक्ता इससे प्रभावित हुए थे, जिसके लिए आयोग ने 7.18 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यदि अगले 15 दिनों में यह राशि जमा नहीं हुई, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने भी जन सुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि ट्रांसफार्मर स्थापना और बिल संशोधन जैसी शिकायतों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।