Lucknow में सफाई व्यवस्था पर नगर निगम का सख्त एक्शन, लापरवाही पर लगाया जुर्माना
Lucknow: राजधानी लखनऊ के जोन-8 में सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविन्द कुमार राव ने अलग-अलग इलाकों का औचक निरीक्षण किया और कूड़ा प्रबंधन में भारी लापरवाही मिलने पर ज
Lucknow: राजधानी लखनऊ के जोन-8 में सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविन्द कुमार राव ने अलग-अलग इलाकों का औचक निरीक्षण किया और कूड़ा प्रबंधन में भारी लापरवाही मिलने पर जुर्माना लगाया। नगर निगम ने साफ कर दिया है कि शहर की सफाई में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जोन-8 के आशियाना, विद्यावती प्रथम-द्वितीय, हिंद नगर वार्ड और वृंदावन योजना सेक्टर-8 जैसे इलाकों में गंदगी का अंबार मिला। जांच में पाया गया कि नालियों में कूड़ा फंसा था, सड़कों पर गंदा पानी जमा था और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम ठीक से नहीं हो रहा था। इसके अलावा बागवानी के कचरे को नहीं उठाया गया था और कई जगहों पर निर्माण सामग्री (C&D waste) बिखरी पड़ी थी।
सफाई में लापरवाही बरतने वाली निजी एजेंसी Lion Enviro Pvt. Ltd. पर नगर निगम ने कड़ी कार्रवाई की है। पहले अगस्त 2025 में इस एजेंसी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जिसमें डोर-टू-डोर कलेक्शन न होने और PCTS सिस्टम समय पर न लगाने जैसी कमियां शामिल थीं। वहीं जुलाई 2025 में भी वृंदावन योजना सेक्टर-8 के निरीक्षण के बाद एजेंसी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविन्द कुमार राव और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई के मानकों से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर निजी एजेंसियां और जिम्मेदार अधिकारी अपने काम में लापरवाही करेंगे, तो उन पर और भी सख्त एक्शन लिया जाएगा।