Lucknow में अवैध डेयरियों पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, जोन-6 से 32 पशु पकड़े

Lucknow: लखनऊ नगर निगम ने शहर में चल रही अवैध डेयरियों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने जोन-6 में एक विशेष अभियान चलाया और अवैध रूप से पाले जा रहे 32 पशुओं को पकड़ लिया। इन सभी पशुओं को ठाकुरगंज

Lucknow: लखनऊ नगर निगम ने शहर में चल रही अवैध डेयरियों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने जोन-6 में एक विशेष अभियान चलाया और अवैध रूप से पाले जा रहे 32 पशुओं को पकड़ लिया। इन सभी पशुओं को ठाकुरगंज स्थित कांजी हाउस भेज दिया गया है। यह कार्रवाई प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग दस्ते ने मिलकर की है।

नगर निगम को इलाके के लोगों से शिकायत मिली थी कि अवैध डेयरियों की वजह से नालियां चोक हो रही हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी हो रही थी। इसी शिकायत के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में पिछले कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं।

बता दें कि लखनऊ नगर निगम एक्ट 1959 के तहत शहरी इलाकों में भैंस पालना पूरी तरह प्रतिबंधित है क्योंकि इन्हें प्रदूषण फैलाने वाला माना गया है। शहर में केवल लाइसेंस होने पर अधिकतम दो गाय रखने की अनुमति है। नगर निगम ने साफ किया है कि जो लोग अपने पशुओं को सड़कों पर खुला छोड़ते हैं या अवैध डेयरी चलाते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

पशुओं को छुड़ाने के लिए मालिकों को भारी जुर्माना भरना होगा। भैंसों के लिए जुर्माने की राशि 20,500 रुपये तक हो सकती है, जबकि अन्य पशुओं के लिए यह 1,000 से 5,000 रुपये के बीच है। इसके साथ ही डेयरी मालिकों को एक हलफनामा देना होगा कि वे अपनी डेयरी को नगर निगम की सीमा से बाहर ले जाएंगे। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर यह अभियान जारी रहेगा ताकि सड़कों पर गंदगी और जाम की समस्या को कम किया जा सके।