Lucknow में मानसून की रफ्तार हुई कम, 40 फीसदी कम हुई बारिश; अब फिर लौटेगी भीषण गर्मी और उमस

Lucknow: राजधानी लखनऊ में मानसून की सक्रियता कम होने से लोगों को एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अब तक की बारिश सामान्य से काफी कम रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावन

Lucknow: राजधानी लखनऊ में मानसून की सक्रियता कम होने से लोगों को एक बार फिर भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अब तक की बारिश सामान्य से काफी कम रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल तो रहेंगे, लेकिन धूप निकलने से उमस और बढ़ेगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ गया है। इस वजह से अगले 4-5 दिनों तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश कम होगी। इस दौरान तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़त हो सकती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी होगी।

आंकड़ों की बात करें तो 1 जून से अब तक लखनऊ में सामान्य तौर पर 158.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 95.8 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है। यह सामान्य से 40% कम है। हालांकि, पिछले 24 घंटों में लखनऊ में 20.8 मिमी बारिश हुई है, लेकिन समग्र रूप से स्थिति अभी भी ‘कमी’ वाली श्रेणी में है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधि धीमी हुई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई वाले इलाकों में भारी बारिश जारी रह सकती है। पूर्वी यूपी के 13 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ के लिए पूर्वानुमान है कि अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 27°C के आसपास रहेगा, जबकि हवा में नमी (आर्द्रता) 95% तक रहेगी, जिससे चिपचिपी गर्मी महसूस होगी।

IMD ने लोगों को सलाह दी है कि गरज-चमक और तेज बारिश के समय अनावश्यक यात्रा न करें। जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतें। साथ ही किसानों को बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खेतों में काम करते समय सतर्क रहने को कहा गया है।