Lucknow में आज दोपहर 2 बजे निकलेगा 10 मोहर्रम का जुलूस, मोहिबुल्लापुर में ताजिया स्थापित, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Lucknow: राजधानी लखनऊ में मोहर्रम के मौके पर अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मड़ियांव इलाके के मोहिबुल्लापुर स्थित ताजिया चौक पर गुरुवार रात करीब 10 बजे ताजिया स्थापित की गई। आज यानी 26 जून को दोपहर 2 बजे यहां से 10
Lucknow: राजधानी लखनऊ में मोहर्रम के मौके पर अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मड़ियांव इलाके के मोहिबुल्लापुर स्थित ताजिया चौक पर गुरुवार रात करीब 10 बजे ताजिया स्थापित की गई। आज यानी 26 जून को दोपहर 2 बजे यहां से 10 मोहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने बहुत बड़ी तैयारी की है। शहर के संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पश्चिमी ज़ोन को 5 ज़ोन और 18 सेक्टरों में बांटा गया है, जिसमें डीसीपी, एसीपी और निरीक्षकों समेत हजारों पुलिसकर्मी और पीएसी की कंपनियां तैनात रहेंगी। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।
आम जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए आज सुबह 7 बजे से पुराने लखनऊ और अन्य प्रभावित इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ताजियों की ऊंचाई 10 से 12 फीट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। साथ ही हथियारों के प्रदर्शन और तेज डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
प्रशासन ने बुनियादी सुविधाओं का भी ध्यान रखा है। जुलूस के रास्तों की सफाई, सड़कों की मरम्मत और पीने के पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी और जिला अस्पताल को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है। शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने धार्मिक गुरुओं के साथ पीस कमेटी की बैठकें भी की हैं।