Lucknow में फर्जी रजिस्ट्री कर करोड़ों की जमीन हड़पने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

UP/Lucknow: राजधानी लखनऊ की मोहनलालगंज पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी बैनामा करके करोड़ों की जमीन कब्जाने वाले तीन शातिर प्रॉपर्टी डीलरों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी लोगों क

UP/Lucknow: राजधानी लखनऊ की मोहनलालगंज पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी बैनामा करके करोड़ों की जमीन कब्जाने वाले तीन शातिर प्रॉपर्टी डीलरों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी लोगों को झांसा देकर ऐसी जमीनों की रजिस्ट्री कर देते थे, जिन पर उनका कोई मालिकाना हक नहीं था।

यह पूरा मामला जानकीपुरम विस्तार की रहने वाली अनीता सिंह की शिकायत से सामने आया। उन्होंने मार्च 2026 में पुलिस को बताया कि 21 जनवरी 2022 को उन्होंने मोहनलालगंज तहसील के सलेमपुर गांव में 2500 वर्गफुट का एक प्लॉट खरीदा था। इस जमीन के लिए उन्होंने 9.91 लाख रुपये का भुगतान RTGS और नकद के जरिए किया था।

पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपियों ने धोखाधड़ी की साजिश रची थी। जिस जमीन का बैनामा अनीता सिंह के नाम किया गया, वह वास्तव में रामकुमार नाम के एक व्यक्ति के नाम पर दर्ज थी। मुख्य आरोपी ने खुद को जमीन का मालिक बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उसके दो साथियों ने गवाह बनकर इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया।

पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी विपिन तिवारी है, जो सुशांत गोल्फ सिटी का निवासी है और वी-वन इंफ्रा टेक प्राइवेट लिमिटेड का निदेशक है। उसके साथ रिंकू राजपूत और विपिन कुमार को भी पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी विपिन तिवारी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज रहा है।

मोहनलालगंज प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि डीसीपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।