Lucknow में धर्मांतरण के आरोप में हंगामा, तमिलनाडु समेत 7 लोगों पर केस दर्ज
Lucknow: राजधानी के मोहनलालगंज इलाके के भरसवा गांव में बुधवार रात धर्मांतरण को लेकर काफी हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी लोग गरीब और जरूरतमंद लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए कह रहे थे। पुलि
Lucknow: राजधानी के मोहनलालगंज इलाके के भरसवा गांव में बुधवार रात धर्मांतरण को लेकर काफी हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी लोग गरीब और जरूरतमंद लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए कह रहे थे। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सिसेंडी क्षेत्र के भरसवा गांव में एक कार से पांच लोग आए थे और गांव के बाहर एक मकान में जमा हुए थे। वहां मौजूद लोगों को देखकर ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता अमित कुमार ने आरोप लगाया कि चंद्रभान और उसका परिवार पहले ही ईसाई धर्म अपना चुका है और वे अन्य लोगों को यह कहकर बहका रहे थे कि इस धर्म को अपनाने से बच्चे होंगे।
डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एडीसीपी आर. वसंत कुमार के अनुसार, सात आरोपियों को उनके वाहन के साथ थाने लाया गया है। इनमें से पांच लोग तमिलनाडु के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इन लोगों के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि इस काम के लिए कहीं से कोई फंडिंग या संगठित नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा है।
मोहनलालगंज के इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने कहा कि पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या वाकई लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में चंद्रभान, उसकी पत्नी आरती, सीमा, सुबला, डेनियल, शीला और अजय रावत के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश में ऐसे मामलों के लिए विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 लागू है।