Lucknow में जर्जर सड़कों को लेकर बवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा ने PWD और जल विभाग को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
Lucknow: राजधानी के जानकीपुरम और जानकीपुरम विस्तार क्षेत्र की टूटी सड़कों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. इस समस्या को लेकर लखनऊ जन उद्घोष व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीर
Lucknow: राजधानी के जानकीपुरम और जानकीपुरम विस्तार क्षेत्र की टूटी सड़कों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. इस समस्या को लेकर लखनऊ जन उद्घोष व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा से मुलाकात की और अपनी शिकायत दर्ज कराई.
व्यापार मंडल ने विधायक को बताया कि सीवर की खुदाई की वजह से सड़कें लंबे समय से टूटी पड़ी हैं और जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं. इस वजह से स्थानीय व्यापारियों, रहने वालों और आने-जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है. बारिश के मौसम में यह समस्या और भी ज्यादा गंभीर हो गई है, जिससे लोगों का चलना-फिरना दूभर हो गया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने तुरंत लोक निर्माण विभाग (PWD) और जल विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की. उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए 48 घंटे के भीतर सड़क मरम्मत का काम शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है. डॉ. बोरा ने साफ तौर पर कहा कि अगर तय समय में काम शुरू नहीं हुआ, तो वह खुद व्यापारियों और क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करेंगे.
विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और काम में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी. गौरतलब है कि इससे पहले 8 जुलाई को भी उन्होंने नगर निगम, जलकल, PWD और जल निगम जैसे विभागों को सफाई और मरम्मत के लिए 15 दिन का समय दिया था. वहीं, 14 जुलाई को उन्होंने जानकीपुरम योजना के सेक्टर-जे विस्तार में करीब 1.22 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुधार कार्य का भूमि पूजन भी किया था.
इस मुलाकात के दौरान व्यापार मंडल से प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, प्रदेश मंत्री आर.के. सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष नवीन सिंह और डॉ. रवीश कुमार सिंह मौजूद रहे.