Lucknow में गायब विवाहिता मामला: पुलिस ने बरामद की कार, पति समेत 7 ससुरालियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज

Lucknow: राजधानी के इटौंजा इलाके से गायब हुई 26 साल की विवाहिता हिमांशी के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बंथरा थाना क्षेत्र के धावा इलाके से उस कार को बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल इस घटना में क

Lucknow: राजधानी के इटौंजा इलाके से गायब हुई 26 साल की विवाहिता हिमांशी के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बंथरा थाना क्षेत्र के धावा इलाके से उस कार को बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल इस घटना में किया गया था। इस मामले में हिमांशी के पिता ने अपने दामाद और ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

सीतापुर निवासी पवन कुमार कश्यप ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी हिमांशी का करीब पांच महीने पहले 13 फरवरी को प्रदीप गौड़ के साथ प्रेम विवाह हुआ था। प्रदीप अटरिया के बिरसिंहपुर गांव के वकील हैं और फिलहाल इटौंजा में रहते हैं। आरोप है कि शादी के दो महीने बाद ही ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे और हिमांशी के साथ मारपीट की जाती थी। शनिवार को हिमांशी ने रोते हुए अपने पिता को फोन किया था कि उसकी जान को खतरा है और अपनी मां को व्हाट्सएप मैसेज भेजकर ससुराल के माहौल को नरक जैसा बताया था।

पुलिस ने जब जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज से कई चौंकाने वाले सुराग मिले। फुटेज में घर के अंदर चीख-पुकार सुनाई दी और बाद में कार में शव रखे जाने की आशंका जताई गई है। आरोपियों ने पड़ोसियों को अमरनाथ यात्रा पर जाने का झांसा दिया और घर छोड़कर फरार हो गए। टोल प्लाजा की फुटेज से पता चला है कि उनकी कार दूसरे राज्य में जा पहुंची थी, जिसे अब पुलिस ने बरामद कर लिया है। कार की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।

इटौंजा इंस्पेक्टर सोबरन सिंह के मुताबिक, पुलिस ने विवाहिता के ससुर, ननद और एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की है, जिनके बयानों में काफी विरोधाभास मिला है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं जो मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी की मदद से आरोपी पति और अन्य ससुरालियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।