Lucknow में नाबालिग का अपहरण कर बुजुर्ग से कराया दुष्कर्म, मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार
Lucknow: राजधानी के मोहनलालगंज इलाके में एक 16 साल की किशोरी के साथ घिनौनी वारदात सामने आई है। किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया और उसके बाद एक होटल में रखकर 70 साल के बुजुर्ग से तीन दिनों तक दुष्कर्म कराया गया। पुलिस
Lucknow: राजधानी के मोहनलालगंज इलाके में एक 16 साल की किशोरी के साथ घिनौनी वारदात सामने आई है। किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया और उसके बाद एक होटल में रखकर 70 साल के बुजुर्ग से तीन दिनों तक दुष्कर्म कराया गया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और उसके साथियों समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, किशोरी 17 जुलाई 2026 को अपने घर से लापता हुई थी। काफी तलाश के बाद जब वह नहीं मिली, तो 24 जुलाई को उसकी भाभी ने मोहनलालगंज थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में पता चला कि 18 से 20 जुलाई के बीच किशोरी को PGI इलाके के एक होटल में बंधक बनाकर रखा गया था, जहां उसके साथ गलत काम किया गया।
पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर और डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 जुलाई को किसान पथ के पास पूरनपुर गांव से सभी आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में मुख्य आरोपी 70 वर्षीय द्वारिका रैदास, विनोद रावत, दुर्गेश रावत, खुशबू और राबिया शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
मोहनलालगंज पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 61(2), 64(2)(m) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। डीसीपी साउथ ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश लगती है। अब पुलिस उस होटल के मैनेजमेंट से पूछताछ करेगी जिसने बिना किसी पहचान पत्र के नाबालिग को तीन दिन तक कमरे में रहने दिया। अगर होटल स्टाफ की मिलीभगत पाई गई, तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।