Lucknow को तोहफ़ा, मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के लिए 384 करोड़ का ठेका जारी, 2 साल में बनेंगे 5 नए स्टेशन
Lucknow: लखनऊ के लोगों के लिए मेट्रो का सफर अब और आसान होने वाला है। शहर में मेट्रो नेटवर्क को बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने एक बड़ा कदम उठाया है। फेज-1बी के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के एलिवेटेड हि
Lucknow: लखनऊ के लोगों के लिए मेट्रो का सफर अब और आसान होने वाला है। शहर में मेट्रो नेटवर्क को बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने एक बड़ा कदम उठाया है। फेज-1बी के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के एलिवेटेड हिस्से के निर्माण के लिए 384 करोड़ रुपये का ठेका जारी कर दिया गया है।
इस प्रोजेक्ट के तहत वसंतकुंज और ठाकुरगंज के बीच के हिस्से पर काम होगा। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि यह ठेका मेसर्स रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को दिया गया है। इस कंपनी को ठाकुरगंज से वसंतकुंज के बीच करीब 4.6 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक और 5 स्टेशनों को डिजाइन करने और बनाने की जिम्मेदारी मिली है। लक्ष्य यह है कि काम शुरू होने के 24 महीनों यानी 2 साल के भीतर इसे पूरा कर लिया जाए।
इस विस्तार से शहर के कई इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। नए बनने वाले स्टेशनों की लिस्ट नीचे दी गई है:
- ठाकुरगंज मेट्रो स्टेशन
- बालागंज मेट्रो स्टेशन
- सरफराजगंज मेट्रो स्टेशन
- मूसाबाग मेट्रो स्टेशन
- वसंतकुंज मेट्रो स्टेशन
निर्माण कार्य में केवल स्टेशन ही नहीं, बल्कि मुख्य लाइन को डिपो से जोड़ने के लिए 740 मीटर लंबा रैंप भी बनाया जाएगा। इसके अलावा पानी की सप्लाई, बिजली, आग से बचाव के सिस्टम और अन्य जरूरी बुनियादी ढांचे का काम भी इसमें शामिल है।
अगर पूरे फेज-1बी की बात करें तो चारबाग से वसंत कुंज तक यह कॉरिडोर लगभग 11.165 किलोमीटर लंबा होगा। इसमें कुल 12 स्टेशन होंगे, जिनमें से 7 जमीन के नीचे (underground) और 5 एलिवेटेड होंगे। इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 5801.05 करोड़ रुपये है, जिसे भारत सरकार ने 3 सितंबर 2025 को मंजूरी दी थी। आने वाले समय में वसंतकुंज मेट्रो डिपो और अंडरग्राउंड सेक्शन के लिए भी टेंडर जारी किए जाएंगे।