Lucknow में लापरवाह अफसरों पर भड़कीं मेयर, सुबह 6 से 9 बजे तक फील्ड में रहना होगा जरूरी

Lucknow: राजधानी लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम के अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि अधिकारी फील्ड में जाकर निरीक्षण नहीं कर रहे हैं, जिसकी वजह से शहर में सड़क कटिंग, मलबे के ढेर

Lucknow: राजधानी लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने नगर निगम के अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि अधिकारी फील्ड में जाकर निरीक्षण नहीं कर रहे हैं, जिसकी वजह से शहर में सड़क कटिंग, मलबे के ढेर और जलभराव जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। अब स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 की तैयारी के लिए अधिकारियों के लिए नए और कड़े नियम लागू किए गए हैं।

मेयर ने निर्देश दिया है कि सभी जोनल ऑफिसर, नगर अभियंता, सहायक और कनिष्ठ अभियंता, जोनल हेल्थ ऑफिसर और स्वच्छता निरीक्षक अब रोजाना सुबह 6 बजे से 9 बजे तक अपने-अपने जोन में मौजूद रहेंगे। इस दौरान उन्हें सफाई व्यवस्था, मलबे के निस्तारण और जलभराव की स्थिति का जायजा लेना होगा। ऑफिस के प्रशासनिक काम अब दोपहर 12 बजे के बाद ही किए जाएंगे।

मेयर ने चेतावनी दी है कि अगर कोई अधिकारी या इंजीनियर सुबह के समय अपनी ड्यूटी से गायब मिला, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में बेहतर प्रदर्शन के लिए जवाबदेही तय की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मेयर खुद भी शहर के अलग-अलग इलाकों में औचक निरीक्षण करेंगी।

इसी बीच, मेयर सुषमा खर्कवाल ने इंदिरानगर में 100 साल की उम्र पूरी करने वाली प्रतिभा जोशी को सम्मानित किया। इस मौके पर जिलाधिकारी विशाख जी और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रतिभा जोशी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बधाई संदेश भी दिया। बता दें कि प्रतिभा जोशी का जन्म 1926 में उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हुआ था और वह 1940 में स्टेट टॉपर रही थीं।