Lucknow में पत्नी से विवाद के बाद साले को मारी गोली, कैसरबाग पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Lucknow: राजधानी के कैसरबाग इलाके में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से अनबन के चलते अपने ही साले को गोली मार दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हथ
Lucknow: राजधानी के कैसरबाग इलाके में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से अनबन के चलते अपने ही साले को गोली मार दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 43 वर्षीय मोहम्मद इलियास उर्फ अत्तू के रूप में हुई है, जो चौक के मुर्तजा रोड राजा बाजार का रहने वाला है और सोलर पैनल लगाने का काम करता है। आरोपी ने अपने साले फाजिल हुसैन को निशाना बनाया, जो कैसरबाग के तालाब गगनी शुक्ल का निवासी है। गोली फाजिल के दाहिने कंधे या सीने में लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई है।
घटना बुधवार सुबह करीब 5 बजे की है। आरोपी इलियास सीढ़ी लगाकर अपने ससुराल पहुंचा और पहली मंजिल पर मौजूद फाजिल को गोली मार दी। पुलिस पूछताछ में इलियास ने बताया कि उसकी पत्नी आफरीन हुसैन काफी समय से मायके में रह रही थी और समझाने के बाद भी वापस नहीं आ रही थी। इलियास को शक था कि उसका साला फाजिल ही उसकी पत्नी को रोकने के लिए उकसा रहा है। इसी रंजिश में उसने 70 हजार रुपये में एक अवैध रिवॉल्वर खरीदी और वारदात को अंजाम दिया।
दूसरी तरफ, पत्नी आफरीन का कहना है कि इलियास किसी दूसरी महिला से बात करता है, जिस वजह से दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कैसरबाग इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा और एसीपी नवरत्न गौतम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को परिवर्तन चौक के पास से पकड़ा। उसके पास से एक फैक्ट्री मेड रिवॉल्वर, दो खोखे, चार कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस ने आफरीन हुसैन की शिकायत पर हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।