Lucknow में महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती मनाई, योगी सरकार हर जिले में लगवाएगी प्रतिमा
Lucknow: राजधानी लखनऊ में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती 17 जून 2026 को बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। शहर के अलग-अलग इलाकों में कई कार्यक्रम हुए, जहां लोगों ने महाराणा प्रताप के शौर्य और राष्ट्रप्रेम को याद किय
Lucknow: राजधानी लखनऊ में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती 17 जून 2026 को बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। शहर के अलग-अलग इलाकों में कई कार्यक्रम हुए, जहां लोगों ने महाराणा प्रताप के शौर्य और राष्ट्रप्रेम को याद किया। इस मौके पर सरकारी अधिकारियों और राजनीतिक दिग्गजों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
गोमती नगर फेस-2 के विभव खंड में शौर्य साप्ताहिक मिलन शाखा ने RSS के सहयोग से एक कार्यक्रम किया। वहीं हुसैनगंज चौराहे पर भारतीय क्षत्रिय समाज और इंदिरानगर आवासीय महासमिति ने जयंती मनाई। चिनहट के उत्तर धौना स्थित लोक बंधु राज नारायण मेमोरियल इंटर कॉलेज में क्षत्रिय चेतना परिषद की ओर से भी आयोजन किया गया। इन सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि योगी सरकार अब प्रदेश के हर जिले में महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगवाएगी। इसके साथ ही उनके स्मारकों और संग्रहालयों का निर्माण भी कराया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके संघर्ष और स्वाभिमान के इतिहास को जान सके।
कार्यक्रम में विधायक पंकज सिंह और पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप समेत कई नेता मौजूद रहे। विधायक पंकज सिंह ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्रप्रेम को याद किया। वहीं अरविंद सिंह गोप ने लोगों से राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की। आयोजन में डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रतिनिधि डॉ. अखिलेश सिंह, एमएलसी पवन सिंह चौहान और पूर्व कुलपति डॉ. मुन्ना सिंह जैसे कई गणमान्य लोग भी पहुंचे।
बता दें कि महाराणा प्रताप का जन्म 9 मई 1540 को कुंभलगढ़ किले में हुआ था, लेकिन हिंदू पंचांग की ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया तिथि के अनुसार उनकी जयंती मनाई जाती है। इस साल यह तिथि 17 जून को थी। कई संगठनों ने इस दिन को अंतर्राष्ट्रीय शौर्य दिवस के रूप में मनाने और 9 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग भी की थी।