Lucknow में मदरसा हनफिया जियाउल कुरान के बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजी सड़कें

Lucknow: राजधानी लखनऊ के बड़ा चांदगंज इलाके में स्थित मदरसा हनफिया जियाउल कुरान के छात्रों ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर बच्चे ठाकुरगंज से कपूरथला तक ग

Lucknow: राजधानी लखनऊ के बड़ा चांदगंज इलाके में स्थित मदरसा हनफिया जियाउल कुरान के छात्रों ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर बच्चे ठाकुरगंज से कपूरथला तक गए और देशभक्ति के नारे लगाए। इस आयोजन में स्थानीय लोगों ने भी हिस्सा लिया और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

यह पूरा कार्यक्रम उत्तर प्रदेश सरकार के “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने सभी मदरसों में 9 से 17 अगस्त तक देशभक्ति कार्यक्रम चलाने के आदेश दिए थे। इसी क्रम में मदरसा हनफिया जियाउल कुरान में 9 अगस्त से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं।

मदरसा हनफिया जियाउल कुरान के प्रबंधक इफ्तेखार अहमद बरकाती ने बताया कि यह यात्रा हर साल निकाली जाती है। इसका मकसद छात्रों में देशभक्ति की भावना को बढ़ाना और उन्हें आजादी की लड़ाई तथा राष्ट्रीय एकता के महत्व के बारे में बताना है। इस दौरान बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बारे में जानकारी दी गई।

मदरसा बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक सुबह 8 बजे झंडारोहण और राष्ट्रगान हुआ, जिसके बाद शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही मदरसों में वृक्षारोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए गए। लखनऊ के मदरसा इमादादुल उलूम समेत कई अन्य मदरसों ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया। सरकार के नियमों के अनुसार इन कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो और अखबार की कतरनें जमा करना अनिवार्य किया गया था।