Lucknow में भीषण आग, मड़ियांव इलाके की 5-6 दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान
Lucknow: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके में बुधवार रात एक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आईआईएम रोड किनारे स्थित कई दुकानें इस आग की चपेट में आ गईं, जिससे दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही
Lucknow: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव इलाके में बुधवार रात एक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आईआईएम रोड किनारे स्थित कई दुकानें इस आग की चपेट में आ गईं, जिससे दुकानदारों का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना बुधवार रात करीब 1 बजे की है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास की 5-6 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही बीकेटी अग्निशमन केंद्र से दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए इंदिरानगर, चौक और हजरतगंज से अतिरिक्त गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कुल आठ दमकल की गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में मुक्तकीपुर स्थित न्यू भारत दूध डेयरी, फर्नीचर की दुकान, चाय की दुकान, नदीम जनरल स्टोर, वेल्डिंग शॉप, किराना स्टोर और एसी रिपेयरिंग की दुकान पूरी तरह जल गई हैं। आग में फर्नीचर, एसी, फ्रिज और डेयरी के उपकरण जलकर नष्ट हो गए, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
मड़ियांव पुलिस और फायर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फायर अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता चल सके।