Lucknow में जूनियर इंजीनियर से लूटपाट, बदमाशों ने मारपीट कर चलती ऑटो से फेंका
UP/Lucknow: लखनऊ के मड़ियांव इलाके में बदमाशों ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को अपना शिकार बनाया। ऑटो सवार लुटेरों ने जेई के साथ मारपीट की और उनसे नकदी समेत मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने उन्हें चलती
UP/Lucknow: लखनऊ के मड़ियांव इलाके में बदमाशों ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को अपना शिकार बनाया। ऑटो सवार लुटेरों ने जेई के साथ मारपीट की और उनसे नकदी समेत मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने उन्हें चलती गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए।
घटना 14 जुलाई 2026 की रात की है। बिजली विभाग में अवर अभियंता अश्विनी कुमार वर्मा बाराबंकी से लखनऊ आए थे क्योंकि उनके बेटे की तबीयत खराब थी। मड़ियांव के प्रधान मैरिज लॉन के पास से उन्होंने घर जाने के लिए एक ऑटो लिया। उस समय ऑटो में ड्राइवर के अलावा चार और लोग पहले से बैठे हुए थे। कुछ दूर जाने के बाद ड्राइवर ने ऑटो को मुख्य सड़क से हटाकर मधुवन विहार कॉलोनी की गलियों में मोड़ दिया।
जब अश्विनी कुमार वर्मा ने रास्ता बदलने पर सवाल किया, तो पीछे बैठे बदमाशों ने उनका मुंह दबा दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। लुटेरों ने उनसे 20 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन छीन लिए। लूटपाट करने के बाद बदमाशों ने उन्हें एक सुनसान जगह पर चलती ऑटो से धक्का देकर बाहर फेंक दिया और मौके से भाग निकले।
पीड़ित ने इस घटना की शिकायत 16 जुलाई को पुलिस से की। मड़ियांव पुलिस ने लूट की एफआईआर दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है।