Lucknow के लोकबंधु अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप
Lucknow: राजधानी के लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO) ने इलाज में लापरवाही बरती, जिसकी वजह से मरीज की जा
Lucknow: राजधानी के लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (EMO) ने इलाज में लापरवाही बरती, जिसकी वजह से मरीज की जान गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें लोग डॉक्टरों को बुलाने के लिए आवाज लगा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, आलमबाग के अलीनगर सुनहरा निवासी 65 वर्षीय जगजीवन को शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे सांस लेने में तकलीफ की वजह से इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि EMO ने पर्चे पर इंजेक्शन लिखा और ऑक्सीजन लगाई, लेकिन मरीज की हालत नहीं सुधरी। बेटे दीपक ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार डॉक्टर से मरीज को देखने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। रात करीब 9:30 बजे जगजीवन की मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और वीडियो बनाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। इस मामले में मृतक के बेटे ने पुलिस को एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दी है।
अस्पताल के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने साफ किया कि अगर जांच में लापरवाही की बात सही पाई जाती है, तो संबंधित स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।