Lucknow के लोकबंधु अस्पताल में नवजात की मौत पर पुलिस की कार्रवाई, प्रशासन से मांगा ड्यूटी चार्ट
Lucknow: राजधानी के लोकबंधु राज नारायण Combined Hospital में प्रसव के दौरान एक नवजात की मौत का मामला अब पुलिस जांच के दायरे में आ गया है। पुलिस ने अस्पताल प्रशासन को नोटिस भेजकर उस समय मौजूद स्टाफ का ड्यूटी चार्ट मांगा ह
Lucknow: राजधानी के लोकबंधु राज नारायण Combined Hospital में प्रसव के दौरान एक नवजात की मौत का मामला अब पुलिस जांच के दायरे में आ गया है। पुलिस ने अस्पताल प्रशासन को नोटिस भेजकर उस समय मौजूद स्टाफ का ड्यूटी चार्ट मांगा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि लापरवाही की वजह से बच्चे की जान गई, जिसके बाद अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है।
यह पूरा मामला 6 जुलाई 2026 का है, जब LDA कॉलोनी की रहने वाली कीर्ति पाल को 5 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि डिलीवरी के दौरान नवजात बच्चा फर्श पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पिता शुभम पाल ने कृष्णनगर पुलिस स्टेशन में अज्ञात डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने नाराजगी जताई थी और 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने एक तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी। इस कार्रवाई के तहत 10 जुलाई को दो कॉन्ट्रैक्ट नर्सों को नौकरी से निकाल दिया गया। हालांकि, परिवार का कहना है कि दोषी डॉक्टरों के खिलाफ अब तक कोई ठोस एक्शन नहीं लिया गया है।
अस्पताल के एक्टिंग डायरेक्टर डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि आंतरिक जांच चल रही है और केस शीट के साथ ट्रीटमेंट रिकॉर्ड्स को जब्त किया गया है। साथ ही, एक्सपर्ट डॉक्टरों की एक टीम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का वैज्ञानिक विश्लेषण कर रही है ताकि यह पता चल सके कि बच्चे की मौत गिरने की वजह से हुई या कोई और कारण था। प्रशासन का कहना है कि तीनों स्तर की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए गए किसी भी डॉक्टर या स्टाफ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।