Lucknow के सरकारी अस्पताल में नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया फर्श पर गिराने का आरोप
Lucknow: राजधानी के कानपुर रोड स्थित लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ डिलीवरी के बाद एक नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ की लापरवाही की वजह से बच्चा फर्श
Lucknow: राजधानी के कानपुर रोड स्थित लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ डिलीवरी के बाद एक नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ की लापरवाही की वजह से बच्चा फर्श पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।
यह घटना 7 जुलाई 2026 की है। बच्चे के पिता ने बताया कि यह उनकी पहली प्रेग्नेंसी थी और उनके घर बेटा हुआ था, लेकिन अस्पताल की बड़ी लापरवाही ने उनकी खुशियां छीन लीं। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर सवाल उठाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने संज्ञान लिया है। उन्होंने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई और तुरंत जांच के आदेश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को निर्देश दिया है कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जाए और 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाए।
ब्रजेश पाठक ने साफ कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ जांच का भरोसा दिलाया है। उपमुख्यमंत्री के सख्त रुख के बाद अब अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं।