Lucknow में अवैध निर्माण पर LDA की सख्ती, 50 जूनियर इंजीनियरों की होगी भर्ती

Lucknow : लखनऊ में बिना नक्शे और बिना अनुमति के बनाए जा रहे मकानों और इमारतों पर अब LDA का शिकंजा और कसने वाला है। शहर में अवैध निर्माण को रोकने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण अपने प्रवर्तन तंत्र को मजबूत कर रहा है। इसके लि

Lucknow : लखनऊ में बिना नक्शे और बिना अनुमति के बनाए जा रहे मकानों और इमारतों पर अब LDA का शिकंजा और कसने वाला है। शहर में अवैध निर्माण को रोकने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण अपने प्रवर्तन तंत्र को मजबूत कर रहा है। इसके लिए प्राधिकरण जल्द ही आउटसोर्सिंग के जरिए 50 जूनियर इंजीनियरों की भर्ती करेगा ताकि जमीन पर निगरानी बढ़ाई जा सके।

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने 27 जून 2026 को अधिकारियों के साथ बैठक की और इस भर्ती के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि लखनऊ शहर का विस्तार बहुत तेजी से हो रहा है और निर्माण कार्य भी बढ़े हैं, इसलिए अब ज्यादा तकनीकी कर्मचारियों की जरूरत है। इन नए इंजीनियरों को LDA के सभी सातों प्रवर्तन जोन में तैनात किया जाएगा।

इस कदम का मुख्य मकसद अवैध निर्माणों का समय पर पता लगाना और उन्हें पूरा होने से पहले ही रोकना है। ये इंजीनियर नियमित रूप से इलाकों का निरीक्षण करेंगे, लोगों की शिकायतों की जांच करेंगे और सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में मदद करेंगे।

बता दें कि अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद LDA ज्यादा अलर्ट हो गया है। इस घटना के बाद सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कई कोचिंग सेंटरों को सील किया गया है और ध्वस्तीकरण के नोटिस दिए गए हैं। साथ ही, इस मामले में लापरवाही बरतने वाले 18 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश भी की गई है।