Lucknow में अब नक्शा पास कराने के लिए देना होगा फायर सेफ्टी का शपथ पत्र, LDA ने लिया बड़ा फैसला
Lucknow: राजधानी लखनऊ में अब मकान या दुकान का नक्शा पास कराना आसान नहीं होगा। अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने नियमों को सख्त कर दिया है। अब बिल्डिंग प्लान की मंजूरी के लिए फायर सेफ्टी क
Lucknow: राजधानी लखनऊ में अब मकान या दुकान का नक्शा पास कराना आसान नहीं होगा। अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने नियमों को सख्त कर दिया है। अब बिल्डिंग प्लान की मंजूरी के लिए फायर सेफ्टी का शपथ पत्र देना अनिवार्य कर दिया गया है।
नए नियमों के मुताबिक, केवल एकल आवासीय यानी लो-राइज मकानों को इस दायरे से बाहर रखा गया है। इसके अलावा सभी तरह की आवासीय और व्यावसायिक इमारतों के लिए यह शपथ पत्र जरूरी होगा। दरअसल, अलीगंज की उस बिल्डिंग की ऊंचाई 15 मीटर से कम थी, इसलिए मौजूदा नियमों के तहत वहां फायर NOC की जरूरत नहीं थी, लेकिन हादसे के बाद अब प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रदेश में फायर सेफ्टी ऑडिट चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि फायर सेफ्टी केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए जरूरी है। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि बेसमेंट का इस्तेमाल कमर्शियल काम के लिए नहीं होना चाहिए और जमीन का उपयोग उसी काम के लिए हो जिसके लिए वह तय की गई है।
इस मामले में लखनऊ के चीफ फायर ऑफिसर अंकुश मित्तल ने बताया कि अक्सर लोग रिहायशी मकानों को धीरे-धीरे कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में बदल देते हैं, जिससे फायर विभाग के लिए उनकी निगरानी करना मुश्किल हो जाता है। वहीं, LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अलीगंज की उस विवादित बिल्डिंग को निर्माण नियमों के उल्लंघन के कारण फिर से ध्वस्तीकरण (demolition) का नोटिस जारी किया गया है।
अलीगंज हादसे की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है, जिसमें अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और एडीजी प्रवीण कुमार शामिल हैं। इस टीम को सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी है। इस मामले में अब तक बिल्डिंग मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला और उनके भाइयों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि लापरवाही बरतने वाले LDA के चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।