Lucknow में महिला का शव फंदे से लटका मिला, पति ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप

Lucknow: राजधानी के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी में शुक्रवार सुबह 22 वर्षीय सरिता का शव उनके घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया। इस घटना के बाद से परिवार

Lucknow: राजधानी के कृष्णा नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी में शुक्रवार सुबह 22 वर्षीय सरिता का शव उनके घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है और पति ने एक दोस्त पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, सरिता के पति दीपक मूल रूप से सीतापुर के गौरा गांव के रहने वाले हैं और फेरी लगाकर अपना गुजारा करते हैं। शुक्रवार सुबह दीपक सामान बेचने के लिए घर से निकले थे। सुबह करीब 11 बजे जब उन्होंने अपनी पत्नी को फोन किया, तो कॉल बार-बार कट रही थी और कुछ देर बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। शक होने पर दीपक ने एक पड़ोसी को घर जाने के लिए कहा। पड़ोसी ने जब घर का दरवाजा खोला तो बच्चों को बाहर बैठा पाया और कमरे के अंदर सरिता का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला।

दीपक ने तुरंत अपनी पत्नी को लोकबंधु अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में सरिता की बेटी नंदिनी ने बताया कि घटना से पहले माँ का एक दोस्त घर आया था, जिसने उसे और उसके भाई को टॉफी का लालच देकर घर से बाहर भेज दिया था।

पति दीपक का कहना है कि कुछ समय पहले सरिता का उस दोस्त के साथ बातचीत को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से उसने घर आना बंद कर दिया था। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में इंस्पेक्टर पी.के. सिंह ने बताया कि सरिता के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के अनुसार, पति ने आरोप तो लगाया है लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सरिता के पिता राजकुमार को भी सूचित कर दिया गया है।