Lucknow में घर बनाने वालों के लिए मौका, LDA करेगा 460 प्लॉट्स की ई-नीलामी, 5% रकम देकर करें बुकिंग

Lucknow: नवाबों के शहर लखनऊ में अपना घर बनाने की इच्छा रखने वालों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) एक सुनहरा अवसर लेकर आया है। एलडीए अनंत नगर आवासीय योजना के पांचवें चरण के आशीष खंड में कुल 460 भूखंडों की ई-नीलामी करने

Lucknow: नवाबों के शहर लखनऊ में अपना घर बनाने की इच्छा रखने वालों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) एक सुनहरा अवसर लेकर आया है। एलडीए अनंत नगर आवासीय योजना के पांचवें चरण के आशीष खंड में कुल 460 भूखंडों की ई-नीलामी करने जा रहा है। इस योजना के तहत लोग ऑनलाइन आवेदन कर अपनी पसंद का प्लॉट बुक कर सकते हैं।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस प्रक्रिया के लिए पंजीकरण शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इच्छुक लोग 9 सितंबर 2026 तक एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर जाकर पंजीकरण पुस्तिका खरीद सकते हैं, जिसकी कीमत 1100 रुपये है। आवेदन के लिए आवेदक की उम्र 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और वह भारत का नागरिक होना चाहिए। एनआरआई भी इसके लिए पात्र हैं, बशर्ते उनके परिवार के पास पहले से एलडीए या किसी अन्य ट्रस्ट द्वारा विकसित प्लॉट न हो।

भूखंडों का आवंटन लॉटरी सिस्टम के जरिए किया जाएगा। पंजीकरण के लिए भूखंड की अनुमानित कीमत का 5% हिस्सा जमा करना होगा। भुगतान के लिए एलडीए ने आसान विकल्प दिए हैं। अगर 60 दिनों के भीतर पूरा पैसा एक साथ जमा किया जाता है, तो 75% राशि पर 5% की छूट मिलेगी। वहीं, किस्त की सुविधा लेने वालों को 75% राशि पर 9% वार्षिक ब्याज के साथ आठ त्रैमासिक किस्तों में भुगतान करना होगा।

प्लॉट का साइज
कुल संख्या अनुमानित लागत पंजीकरण राशि (5%)
112.5 वर्ग मीटर 425 ₹50,32,238 ₹2,51,612
162 वर्ग मीटर 12 ₹72,46,422 ₹3,62,321
200 वर्ग मीटर 23 ₹89,46,200 ₹4,47,310

प्लॉट की दर 44,731 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है। ध्यान रहे कि कॉर्नर प्लॉट पर 10% और पार्क फेसिंग प्लॉट पर 5% का अतिरिक्त प्रीमियम लोकेशन चार्ज (PLC) लगेगा। अगर किसी आवेदक को प्लॉट आवंटित नहीं होता है, तो उसकी पंजीकरण राशि तीन महीने के भीतर बिना ब्याज के वापस कर दी जाएगी।

अनंत नगर योजना लगभग 785 एकड़ में विकसित की जा रही है, जिससे करीब 1.5 लाख लोगों को घर मिलेगा। यहां ग्रिड पैटर्न पर सड़कें, 130 एकड़ का ग्रीन एरिया, 24 घंटे बिजली आपूर्ति, ईवी चार्जिंग स्टेशन और सामुदायिक केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही इस योजना के एक बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी बनाने की तैयारी भी है।